Cockroach Janta Party ने 5 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में शांतिपूर्ण विरोध मार्च निकालने का ऐलान किया है। पार्टी का आरोप है कि केंद्र सरकार ने 25 जुलाई को युवाओं से किए गए अपने वादों को अब तक पूरा नहीं किया है। CJP के मुताबिक, सरकार के आश्वासन के बाद युवाओं ने अपना देशव्यापी आंदोलन वापस लिया था। अब पार्टी का कहना है कि वादों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण आंदोलन फिर से शुरू करने का फैसला लिया गया है।
इंडिया गेट से पुलिस मुख्यालय तक निकलेगा मार्च
CJP ने बताया कि 5 सितंबर को होने वाला मार्च इंडिया गेट से शुरू होगा और नई दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक जाएगा। पार्टी के अनुसार, मार्च शांतिपूर्ण रहेगा। इस मार्च में देशभर से छात्रों, युवा संगठनों और युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है। CJP ने कहा है कि मार्च का नेतृत्व NEET से जुड़े मामलों में जान गंवाने वाले छात्रों और पुलिस कार्रवाई से प्रभावित लोगों के परिवार करेंगे।

FIR वापस लेने का मुद्दा
CJP का मुख्य आरोप है कि 25 जुलाई को सरकार ने छात्रों और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज FIR वापस लेने का आश्वासन दिया था। पार्टी का कहना है कि एक महीने से ज्यादा समय बीतने के बाद भी इस मामले में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। CJP के मुताबिक, 18 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने भी केंद्र सरकार से देशभर में दर्ज FIR की जानकारी मांगी थी। पार्टी का दावा है कि इसके बावजूद सरकार ने सभी मामलों को वापस लेने को लेकर स्पष्ट आश्वासन नहीं दिया।
राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक के बाद फैसला
CJP ने 24 अगस्त को अपनी राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक की थी। बैठक में 25 जुलाई को आंदोलन वापस लेने के बाद सरकार की ओर से किए गए वादों की स्थिति पर चर्चा की गई।
पार्टी का कहना है कि सरकार की ओर से वादों को पूरा करने के लिए उठाए गए कदमों की कोई औपचारिक जानकारी नहीं मिली। इसके बाद समिति ने दोबारा शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू करने का फैसला लिया। CJP ने कहा कि सरकार की ओर से वादे पूरे नहीं किए गए तो आगे भी आंदोलन जारी रखा जा सकता है।
जयपुर में CJP कार्यकर्ताओं के साथ हुआ था विवाद
इससे पहले राजस्थान के जयपुर में सरकारी स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे CJP कार्यकर्ताओं को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा था। इस दौरान कथित तौर पर धक्का-मुक्की भी हुई थी।स्थानीय लोगों ने CJP कार्यकर्ताओं के स्कूल के मुद्दे को राजनीतिक रूप देने का विरोध किया था। इस दौरान अभिजीत दीपके और CJP के खिलाफ नारेबाजी भी की गई थी। CJP ने कहा है कि उसके कार्यकर्ताओं का उद्देश्य युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को उठाना है और 5 सितंबर का मार्च भी शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा।
ये भी पढ़ें-




