Taaza Khabar

Gurugram Rain

Gurugram Rain: 70mm बारिश से बिगड़े हालात, 25 अगस्त को WFH की सलाह

Gurugram Rain: गुरुग्राम में सोमवार, 24 अगस्त को हुई भारी बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया, जिसके चलते लंबे ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे समेत कई प्रमुख रास्तों पर गाड़ियां घंटों फंसी रहीं। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने 25 अगस्त के लिए वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी जारी की है।

25 अगस्त को वर्क फ्रॉम होम की सलाह

जिला प्रशासन ने कॉरपोरेट ऑफिस, सरकारी और निजी संस्थानों को अपने कर्मचारियों को 25 अगस्त को घर से काम करने की सलाह दी है। स्कूलों और शिक्षण संस्थानों को भी ऑनलाइन क्लास चलाने की हिदायत दी गई है।

Gurugram Rain

प्रशासन का कहना है कि अगर लोग घर से काम करेंगे तो सड़कों पर वाहनों की संख्या कम होगी। इससे ट्रैफिक जाम कम करने और जलभराव वाले इलाकों में राहत और मरम्मत का काम करने में मदद मिलेगी। लोगों से भी अपील की गई है कि वे मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए ही यात्रा का प्लान बनाएं और जरूरी न होने पर घर से बाहर निकलने से बचें।

कई इलाकों में भरा पानी

भारी बारिश के बाद नरसिंहपुर, हीरो होंडा चौक, राजीव चौक, इफको चौक, रेलवे रोड, सेक्टर-5, ओल्ड दिल्ली रोड, महरौली रोड और बसई रोड समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया।

राजीव चौक के आसपास कई गाड़ियां पानी में फंसी नजर आईं। वहीं सोहना रोड पर स्कूल बस और एंबुलेंस भी जलभराव की वजह से फंस गईं। सुभाष चौक इलाके में भी स्थिति खराब रही, जहां कई स्कूल बसें पानी में फंस गईं। जिला प्रशासन के मुताबिक, सोमवार दोपहर 1:30 बजे तक गुरुग्राम में करीब 70 मिमी बारिश दर्ज की गई।

कई घंटों तक लगा जाम

जलभराव के कारण गुरुग्राम के कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक की रफ्तार बेहद धीमी हो गई। सोहना रोड पर कई घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे। पुराने गुरुग्राम के सदर बाजार, गुरुद्वारा रोड और ओल्ड दिल्ली रोड पर भी दोपहर तक जाम की स्थिति बनी रही।

नाहरपुर अंडरपास में पानी भरने से भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। शीतला माता रोड को बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में बताया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने स्थिति संभालने के लिए कई जगहों पर जवानों को तैनात किया।

दिल्ली एयरपोर्ट पर भी असर

बारिश का असर दिल्ली एयरपोर्ट की उड़ानों पर भी पड़ा। खराब मौसम के कारण सोमवार को कम से कम 15 उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया। इसके अलावा कई उड़ानें देरी से चलीं, जबकि कुछ उड़ानों को रद्द भी करना पड़ा।

दिल्ली-NCR में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR में आंधी, बिजली और भारी बारिश की संभावना जताई है। कई इलाकों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को जलभराव वाले रास्तों से बचने और अनावश्यक यात्रा न करने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति पर नजर रखें और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें।

ये भी पढ़ें-

Scroll to Top