Taaza Khabar

UP news

UP News: रक्षाबंधन से पहले महिलाओं को बड़ा तोहफा, अब बस में नहीं लगेगा किराया

UP news: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने रक्षाबंधन से पहले महिलाओं को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में 24 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें 60 साल या उससे ज्यादा उम्र की महिलाओं को उत्तर प्रदेश रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा देने का फैसला भी शामिल है।

सरकार के मुताबिक, इस योजना का नाम ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना’ रखा गया है। योजना के तहत 60 साल से अधिक उम्र की महिलाएं यूपी रोडवेज की बसों में आजीवन मुफ्त यात्रा कर सकेंगी।

UP News: आधार या वोटर आईडी दिखानी होगी

मुफ्त बस यात्रा का लाभ लेने के लिए महिलाओं को अपनी उम्र और पहचान का प्रमाण देना होगा। इसके लिए आधार कार्ड या वोटर आईडी कार्ड दिखाना होगा। सरकार का कहना है कि इस योजना से प्रदेश की एक करोड़ से ज्यादा महिलाओं को फायदा मिल सकता है।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि कैबिनेट ने 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन से पहले यह महिलाओं के लिए सरकार की ओर से बड़ा तोहफा है।

चुनावी वादे को किया पूरा

बीजेपी ने 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान 60 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं को सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का वादा किया था। अब योगी सरकार ने कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

सरकार का कहना है कि इस योजना से बुजुर्ग महिलाओं को आने-जाने में आर्थिक मदद मिलेगी। वे बिना किराए की चिंता के प्रदेश में यात्रा कर सकेंगी।

गंगा एक्सप्रेसवे का हरिद्वार तक होगा विस्तार

योगी कैबिनेट ने गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक बढ़ाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इसके विस्तार पर करीब 10,761 करोड़ रुपये खर्च होने की बात कही गई है। इससे बिजनौर से हरिद्वार की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। साथ ही प्रयागराज और हरिद्वार के बीच भी तेज और बेहतर सड़क संपर्क बनाने में मदद मिलेगी। कैबिनेट बैठक में परिवहन विभाग के लिए 250 इलेक्ट्रिक बसें खरीदने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। इन बसों में 42 और 52 सीटों वाले मॉडल शामिल होंगे।

रक्षाबंधन पर भी महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा

रक्षाबंधन के मौके पर यूपी में महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा भी मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर 27 अगस्त की सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की रात 12 बजे तक महिलाओं को यह सुविधा दी जाएगी। इस दौरान महिलाएं यूपी रोडवेज की बसों में बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगी। रक्षाबंधन से पहले सरकार के इन फैसलों को महिलाओं के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें-

Scroll to Top