Atiq Ahmed Son Death: कुख्यात माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की गुरुवार को एक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम खिल्ली के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। इस दुर्घटना में अबान के साथ उसके दोस्त अहजम उर्फ सोनू की भी जान चली गई। वहीं कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, अबान अहमद अपने साथियों के साथ प्रयागराज से झांसी जा रहा था। वह झांसी जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था। अली अहमद अक्टूबर 2025 से झांसी जेल में बंद है।
कैसे हुआ हादसा?
घायल मोहम्मद उमर ने बताया कि उनकी क्रेटा कार तेज रफ्तार में थी। अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
उमर ने बताया कि कार में अबान अहमद, सोनू, फारुख, मोहम्मद जैद और वह खुद सवार थे। हादसे के बाद उन्हें कुछ याद नहीं रहा। जब होश आया तो वह सड़क पर पड़े हुए थे।
पुलिस ने क्या बताया?
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि सड़क हादसे में अबान अहमद और उसके साथी की मौत हुई है। तीन अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।

हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को कार से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। दो लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झांसी रेफर किया गया।
अतीक अहमद परिवार का झांसी से पुराना संबंध
झांसी का नाम इससे पहले भी अतीक अहमद के परिवार से जुड़ चुका है। अप्रैल 2023 में अतीक के बेटे असद अहमद और उसके साथी गुलाम को यूपी एसटीएफ ने झांसी में मुठभेड़ के दौरान मार गिराया था। दोनों उमेश पाल हत्याकांड में वांछित थे और उन पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम था। बाद में उसी साल अप्रैल में प्रयागराज के एक अस्पताल के बाहर अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
अब एक बार फिर अतीक अहमद का परिवार चर्चा में है। इस बार उसका सबसे छोटा बेटा अबान अहमद अपने भाई अली अहमद से मिलने जाते समय सड़क हादसे का शिकार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Read more:- 1 लाख रुपए लेने के आरोप पर भड़कीं Urfi Javed, बोलीं- इसने मुझे ट्रांसजेंडर कहा था




