Taaza Khabar

Mithun Chakraborty

Mithun Chakraborty अस्पताल में भर्ती,दाहिने हाथ का हुआ ऑपरेशन

Mithun Chakraborty: मशहूर बॉलीवुड अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती इन दिनों सुर्खियों में बने हुए हैं। लेकिन इसकी वजह बॉलीवुड की फिल्म नहीं, बल्कि उनकी सेहत है। अभिनेता दो दिन से कोलकाता के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार उनके दाहिने हाथ में उसी जगह दोबारा चोट लगी है, जहां पहले भी उनका ऑपरेशन हो चुका है। इस बीच उनसे मिलने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने सोशल मीडिया पर मुलाकात की तस्वीर भी साझा की और उनकी सेहत का अपडेट भी दिया।

कब मिलेगी मिथुन दा को छुट्टी?

अस्पताल से बाहर निकलकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि, “एक छोटा सा ऑपरेशन हुआ। अब वह ठीक हैं। आज दोपहर वह न्यूटाउन स्थित अपने घर लौट आएंगे। मुझे पता था कि उन्होंने किसी को ज्यादा कुछ नहीं बताया था।”

Mithun Chakraborty

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें भी साझा कीं और पोस्ट में लिखा, “जाने-माने अभिनेता एवं भाजपा की केंद्रीय समिति के सदस्य मिथुन चक्रवर्ती को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मैं आज उनका हालचाल जानने अस्पताल गया। मैंने उनसे सीधे बात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में पूरी जानकारी ली। मैं ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”

फैंस ने ली राहत की सांस

सोशल मीडिया पर उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर सुनकर उनके करोड़ों फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के लोग चिंतित हो गए थे। बता दें कि लोग कमेंट सेक्शन में उनके ठीक होने की दुआ करने लगे। साथ ही डॉक्टरों ने बताया कि उनकी हालत अब पूरी तरह ठीक है।

2024 में भी इसी हाथ में लगी थी चोट

बता दें कि 2024 में भी मिथुन दा के इसी हाथ में चोट लगी थी। तब उन्हें ब्रेन स्ट्रोक और सीने में दर्द की शिकायत हुई थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था और उनका ऑपरेशन भी हुआ था। उस समय उन्होंने बताया था कि एक फिल्म के लुक टेस्ट के दौरान सीढ़ियों से गिरने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। जिसके चलते उन्हें लंबे समय तक डॉक्टर की सलाह पर आराम करना पड़ा था। इस दौरान भी अस्पताल में भर्ती होने के समय शुभेंदु अधिकारी ने हाथ की ऑर्थोपेडिक सर्जरी के बाद अभिनेता से मुलाकात की थी।

मिथुन चक्रवर्ती का शानदार फिल्मी सफर

अभी मिथुन दा 76 साल के हैं और वे भारतीय सिनेमा के मशहूर दिग्गज कलाकारों में से एक हैं। उन्होंने 50 से भी ज्यादा सालों के लंबे फिल्मी करियर में 350 से अधिक फिल्मों में काम किया है। हालांकि उन्होंने सबसे ज्यादा हिंदी फिल्मों में काम किया है, लेकिन वे बंगाली, भोजपुरी, तेलुगू, ओड़िया, तमिल, कन्नड़ और पंजाबी जैसी कई भाषाओं की फिल्मों में भी अपनी अदाकारी का जादू बिखेर चुके हैं।

करियर की शुरुआत और सफलता

मिथुन दा ने अपने करियर की शुरुआत साल 1976 में मशहूर डायरेक्टर मृणाल सेन की फिल्म ‘मृगया’ से की थी। अपनी पहली ही फिल्म में शानदार अभिनय के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला। इसके बाद 1978 की बंगाली फिल्म ‘नदी थेके सागरे’ से उन्हें काफी लोकप्रियता मिली। फिर ‘सुरक्षा’, ‘तराना’, ‘हम पांच’ और ‘हमसे बढ़कर कौन’ जैसी फिल्मों ने बॉलीवुड में उनकी जगह पक्की कर दी।

यादगार और सुपरहिट फिल्में

अपने लंबे करियर में उन्होंने हर तरह के किरदार निभाए और ढेरों हिट फिल्में दीं। उनकी चुनिंदा सुपरहिट फिल्मों में ‘शौकीन’, ‘अशांति’, ‘कसम पैदा करने वाले की’, ‘प्यार झुकता नहीं’, ‘गुलामी’, ‘स्वर्ग से सुंदर’ और ‘डांस डांस’ शामिल हैं। बाद के सालों में भी वे ‘स्वामी विवेकानंद’, ‘गुरु’, ‘गोलमाल 3’, ‘हाउसफुल 2’, ‘ओएमजी’, ‘किक’, ‘द ताशकंद फाइल्स’ और ‘द कश्मीर फाइल्स’ जैसी बड़ी और चर्चित फिल्मों का हिस्सा रहे।

मिथुन दा जल्द ही साल 2026 में ‘फौजी’, ‘बंटवारा 1947’ और ‘जेलर 2’ सहित कई फिल्मों में नजर आने वाले हैं।

यह भी पढ़ें:

Scroll to Top