Air India Flight: थाईलैंड के फुकेट से नई दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 मंगलवार को खराब मौसम के दौरान तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। हवा में अचानक आए तेज झटकों के कारण विमान कुछ समय के लिए कई फीट नीचे आ गया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, पायलट ने स्थिति को संभालते हुए विमान की दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग कराई।
12 यात्री और क्रू मेंबर घायल
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, इस घटना में यात्रियों और क्रू मेंबर्स समेत 12 लोग घायल हुए हैं। घायलों में कुछ का इलाज दिल्ली एयरपोर्ट के मेडिकल सेंटर में किया गया, जबकि 7 लोगों को फोर्टिस अस्पताल भेजा गया। एयर इंडिया ने कहा कि सभी यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है और किसी की हालत गंभीर नहीं है।
यात्रियों ने सुनाया खौफनाक मंजर
फ्लाइट में मौजूद एक यात्री ने बताया कि उड़ान भरने के करीब डेढ़ घंटे बाद अचानक विमान तेज झटकों का शिकार हो गया। उस समय ज्यादातर यात्री सो रहे थे। अचानक विमान जोर-जोर से हिलने लगा और करीब 2 से 3 मिनट तक लगातार झटके महसूस हुए।
यात्री के मुताबिक, कई लोग अपनी सीटों से उछल गए। कुछ के सिर विमान की छत से टकराए, जबकि कई लोगों के कंधे और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। उन्होंने दावा किया कि फ्लाइट में 100 से ज्यादा यात्री सवार थे। उनके अनुसार 15 से 20 लोगों को ज्यादा चोटें आईं, जबकि 70 से 80 प्रतिशत यात्रियों को हल्की चोटें लगीं।
Air India ने क्या कहा?
विमान के दिल्ली पहुंचने से पहले ही एयरपोर्ट पर एम्बुलेंस और मेडिकल टीम को अलर्ट कर दिया गया था। लैंडिंग के बाद घायल यात्रियों को व्हीलचेयर की मदद से विमान से बाहर निकाला गया और तुरंत मेडिकल जांच की गई। जरूरत पड़ने पर कुछ यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एयर इंडिया ने जारी किया बयान
एयर इंडिया ने अपने बयान में कहा कि फ्लाइट AI2379 को फुकेट से दिल्ली की उड़ान के दौरान खराब मौसम की वजह से टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। एयरलाइन ने कहा कि विमान सुरक्षित दिल्ली पहुंच गया और प्रभावित यात्रियों को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। जिन यात्रियों को आगे इलाज की जरूरत थी, उन्हें अस्पताल भेजा गया।
विमान की तस्वीरें आईं सामने, जांच शुरू
घटना के बाद फ्लाइट की कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें विमान की सीलिंग के कुछ पैनलों में दरारें और नुकसान दिखाई दे रहा है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है ताकि टर्बुलेंस के कारण हुए नुकसान और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी सामने आ सके।
इस घटना के बाद कई यात्रियों ने उड़ान के दौरान हुए अनुभव को बेहद डरावना बताया और एयरलाइन से सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की मांग की है।
Read more:- ‘मासूमियत का नाटक करती हैं’… Shehnaaz Gill पर Aanchal Khurana ने कसा तंज




