भारत में विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ी, अमेरिका सबसे आगे

नई दिल्ली। भारत का पर्यटन उद्योग एक बार फिर रफ्तार पकड़ रहा है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राज्यसभा में जानकारी दी कि 2024 में भारत में कुल 99.52 लाख विदेशी पर्यटक आए, जो 2023 के 95.21 लाख से अधिक है।

अमेरिका सबसे बड़ा पर्यटक स्रोत

विदेशी पर्यटकों की आमद में अमेरिका शीर्ष पर रहा। 2024 में अकेले अमेरिका से 18.04 लाख पर्यटक भारत आए। पिछले पांच वर्षों के आंकड़े देखें तो कोविड के बाद से भारत में विदेशी पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है — 2020 में 27.45 लाख, 2021 में 15.27 लाख, 2022 में 64.37 लाख, 2023 में 95.21 लाख और 2024 में 99.52 लाख।

क्या खींचता है विदेशियों को भारत की ओर?

ताजमहल, जयपुर, गोवा और केरल जैसे पारंपरिक पर्यटन स्थलों के अलावा अब पर्यटक नॉर्थईस्ट, हिमालयी राज्यों और दक्षिण भारत की ओर भी रुख कर रहे हैं। ऐतिहासिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और विविध संस्कृति भारत को दुनिया के शीर्ष पर्यटन गंतव्यों में बनाए रखती है।

Related Articles:

अर्थव्यवस्था को फायदा

पर्यटन क्षेत्र के विस्तार से होटल, ट्रैवल एजेंसियों और स्थानीय व्यवसायों को सीधा लाभ मिल रहा है। इस क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी तेजी से बढ़ रहे हैं। सरकार की स्वदेश दर्शन 2.0 योजना और वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम के तहत दूरदराज के इलाकों को भी पर्यटन मानचित्र पर लाने की कोशिश जारी है।

Leave a Comment