Jharkhand Protest: झारखंड की राजधानी रांची में सोमवार को JPSC और JSSC अभ्यर्थियों का पेपर लीक के खिलाफ छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा है। सोमवार को राज्य के विभिन्न जिलों से आए हजारों अभ्यर्थियों ने राजधानी रांची में बड़ा विरोध-प्रदर्शन करते हुए विधानसभा घेराव की कोशिश करने पहुंचे। छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने पहले बैरिकेडिंग की, फिर वाटर कैनन और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया। स्थिति बिगड़ने के बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी छोड़े।
कई बैरिकेड तोड़कर विधानसभा की ओर बढ़े छात्र
प्रदर्शनकारी छात्र लगातार विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश करते रहे। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए कई जगह बैरिकेड लगाए थे। छात्रों ने एक के बाद एक कई बैरिकेड तोड़ दिए। वाटर कैनन से पानी की बौछार करने के बावजूद छात्र पीछे नहीं हटे। कुछ प्रदर्शनकारी खेतों के रास्ते विधानसभा की दीवार के पास तक पहुंच गए। इसके बाद छात्रों ने आखिरी बैरिकेड भी पार कर लिया और विधानसभा की ओर आगे बढ़ने लगे।
पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले
छात्रों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। हालात पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। विधानसभा के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए इलाके में बैरिकेडिंग भी की गई है।

अलग-अलग जिलों से रांची पहुंचे हजारों अभ्यर्थी
प्रदर्शन में शामिल होने के लिए झारखंड के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में छात्र रांची पहुंचे हैं। कई अभ्यर्थी ट्रेन, बस और निजी वाहनों से राजधानी पहुंचे। प्रशासन ने प्रदर्शन को देखते हुए प्रमुख सड़कों, चौराहों और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। छात्रों को रांची पहुंचने से रोकने के लिए कुछ जगहों पर जिलों की सीमाओं, प्रमुख सड़कों और हाईवे पर बसों और निजी वाहनों की जांच भी की गई।
JPSC के पूर्व चेयरमैन गिरफ्तार
Jharkhand Protest: इसी बीच JPSC से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मामले में CID ने आयोग के पूर्व चेयरमैन एल. खियांगते को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 14वीं JPSC परीक्षा समेत भर्ती प्रक्रिया में सामने आई कथित गड़बड़ियों की जांच के बीच हुई है। मामले की जांच CID कर रही है।
बातचीत के बाद भी नहीं निकला समाधान
JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं को लेकर छात्र पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। सरकार और छात्र संगठनों के बीच कई दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है। रविवार को हुई छठे दौर की बातचीत भी बेनतीजा रही। प्रदर्शनकारी छात्र कथित अनियमितताओं की CBI जांच की मांग कर रहे हैं। वहीं, राज्य सरकार का कहना है कि उसने छात्रों की करीब 98 फीसदी मांगें मान ली हैं।
सभी संबंधित परीक्षाओं की जांच की मांग
छात्र संगठनों का कहना है कि सरकार ने 13 में से केवल तीन परीक्षाओं को रद्द करने पर सहमति जताई है। छात्र सभी संबंधित परीक्षाओं की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन में कुछ छात्र भूख हड़ताल पर भी बैठे हैं। छात्र संगठनों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
FAQs
1. रांची में JPSC-JSSC अभ्यर्थी प्रदर्शन क्यों कर रहे हैं?
JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं।
2. प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने क्या कार्रवाई की?
छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे। इससे पहले वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया गया।
3. छात्र क्या मांग कर रहे हैं?
प्रदर्शनकारी छात्र भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच और CBI जांच की मांग कर रहे हैं।
4. JPSC के पूर्व चेयरमैन की गिरफ्तारी क्यों हुई?
JPSC के पूर्व चेयरमैन एल. खियांगते को भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच के बीच CID ने गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़ें:




