PM Modi: दिल्ली के जंतर-मंतर पर 23 जुलाई को हुए प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने की आरोपी छात्रा का एक माफीनामा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में छात्रा हाथ जोड़कर अपने बयान पर माफी मांगती नजर आ रही है।
‘मैं बहकावे में आ गई थी, अपनी बात पर शर्मिंदा हूं’
वीडियो में छात्रा खुद को 15 साल की बताते हुए कहती है कि वह कनॉट प्लेस घूमने के बाद अपने दोस्तों के साथ प्रदर्शन स्थल पर पहुंची थी। वहां मौजूद लोगों के प्रभाव में आकर उसने प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कहीं।
छात्रा ने कहा, ”वहां बहुत सारे ग्रुप बने हुए थे। लोग प्रधानमंत्री के खिलाफ तरह-तरह की बातें कर रहे थे और मुझे भी बोलने के लिए उकसा रहे थे। उनके बहकावे में आकर मैंने भी बहुत गलत बातें कही। मैं अभी मात्र 15 साल की हूं। मैंने जो किया, वह माफी के लायक नहीं है। मुझे अपनी बात पर बहुत शर्मिंदगी है। यह मेरी पहली और आखिरी गलती होगी। मैं पूरे देश से माफी मांगती हूं। कृपया मुझे माफ कर दीजिए।”
दोस्तों के साथ गई थी प्रदर्शन स्थल
छात्रा ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ कनॉट प्लेस घूमने गई थी। वहीं पास में विरोध प्रदर्शन चल रहा था। उसने वहां कोल्ड ड्रिंक पी और आसपास मौजूद लोगों के उकसावे में आकर प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करने लगी। उसने इसे अपनी पहली और आखिरी गलती बताते हुए दोबारा ऐसी गलती न करने का वादा किया।
नाम और उम्र को लेकर बना हुआ है सस्पेंस
इस मामले में नोएडा पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है, लेकिन आरोपी के नाम और उम्र को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं।
- नोएडा के एक्सप्रेसवे थाने में 29 जुलाई को ‘रुचिका सिंह‘ के नाम से जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी।
- बाद में जांच के लिए यह मामला दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने को ट्रांसफर कर दिया गया।
- नोएडा पुलिस के अनुसार आरोपी का नाम रुचिका सिंह है और उसकी उम्र 25 से 28 वर्ष के बीच बताई गई।
- वहीं, छात्रा और उसके वकील का दावा है कि एफआईआर में दर्ज नाम सही नहीं है और उसकी वास्तविक उम्र 15 वर्ष है।
जानकारी के मुताबिक छात्रा अपनी मां के साथ नोएडा की एक हाउसिंग सोसाइटी में रहती थी। फिलहाल फ्लैट बंद है और पुलिस वहां पहुंचकर स्थानीय लोगों से पूछताछ कर चुकी है।
वीडियो के बाद उठा केस वापस लेने का सवाल
माफीनामा वीडियो सामने आने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या अब सरकार छात्रा के खिलाफ दर्ज मामला वापस लेगी।
पीएम मोदी बोले- “गुमराह बच्चों को माफ करना चाहता हूं”
छात्रा का माफीनामा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस वीडियो संदेश के कुछ घंटों बाद सामने आया, जिसे उन्होंने शुक्रवार रात इंस्टाग्राम पर साझा किया था।
अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा, ‘मुझे और मेरी मां को भद्दी-भद्दी गालियां देने वाले बच्चों को मैं माफ करना चाहता हूं।”
उन्होंने आगे कहा कि जंतर-मंतर पर कुछ बच्चों ने उन्हें और उनकी दिवंगत मां को अभद्र बातें कहीं, लेकिन बचपन गलतियों को सुधारने का अवसर भी देता है। उन्होंने कहा कि ये बच्चे गुमराह हैं, इन्हें सही राह दिखाने की जरूरत है और वे उन्हें माफ करना चाहते हैं.




