Swine Flu : बारिश के मौसम में दिल्ली-एनसीआर में H1N1 (स्वाइन फ्लू) के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में दो मरीजों की मौत का दावा किया गया है, लेकिन दिल्ली सरकार ने इससे इनकार किया है। सरकार का कहना है कि अब तक स्वाइन फ्लू से किसी मरीज की मौत नहीं हुई है।
बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है। सभी सरकारी अस्पतालों को इलाज के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ पूरी सतर्कता के साथ काम कर रहे हैं, ताकि मरीजों को समय पर इलाज मिल सके।
दिल्ली में कितने मामले सामने आए?
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अब तक 1,344 से ज्यादा लोग H1N1 पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं, डेंगू के 1,179 मामले दर्ज किए गए हैं। सरकार का कहना है कि सभी मरीजों का इलाज किया जा रहा है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Swine Flu क्या है?
स्वाइन फ्लू एक प्रकार का सांस का इंफेक्शन है, जो ‘इन्फ्लूएंजा A’ वायरस से होता है। साल 2009 में यह पूरी दुनिया में तेजी से फैला था और विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इसे महामारी घोषित किया था। अब यह मौसमी फ्लू का हिस्सा बन चुका है और हर साल बारिश के मौसम में इसके मामले बढ़ जाते हैं।
स्वाइन फ्लू के लक्षण
- तेज बुखार
- खांसी
- गले में खराश
- नाक बहना या बंद होना
- सिरदर्द
- शरीर और मांसपेशियों में दर्द
- ठंड लगना
- थकान और कमजोरी
- आंखों में लालपन या पानी आना
- कुछ मामलों में दस्त
कैसे फैलता है स्वाइन फ्लू?
यह वायरस संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने से हवा में फैलता है। संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने या संक्रमित सतह को छूकर आंख, नाक या मुंह छूने से भी संक्रमण हो सकता है।
जांच कैसे कराएं?
अगर डॉक्टर सलाह दें तो H1N1 की जांच जरूर कराएं। सरकारी अस्पतालों में यह जांच मुफ्त हो सकती है। वहीं, निजी लैब में इसकी कीमत करीब 3,500 से 4,600 रुपये तक हो सकती है। कई लैब घर से सैंपल लेने की सुविधा भी देती हैं और रिपोर्ट आमतौर पर 24 घंटे में मिल जाती है।
कैसे करें बचाव?
- लक्षण होने पर मास्क पहनें।
- भीड़ से दूरी बनाकर रखें।
- हाथों को बार-बार धोएं।
- खांसते या छींकते समय मुंह और नाक ढकें।
- बुखार या फ्लू के लक्षण होने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
डॉक्टरों का कहना है कि स्वाइन फ्लू के ज्यादातर मरीज 5 से 7 दिन में ठीक हो जाते हैं। हालांकि, लक्षण गंभीर होने पर इलाज में देरी नहीं करनी चाहिए।
Read more:- Rajpal Yadav की संपत्तियां होंगी नीलाम? बैंक ने जारी किया बड़ा नोटिस
FAQs
Q1. स्वाइन फ्लू (H1N1) क्या है?
उत्तर: स्वाइन फ्लू (H1N1) इन्फ्लूएंजा A वायरस का एक प्रकार है। यह एक वायरल संक्रमण है, जो संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने या उसके संपर्क में आने से फैलता है।
Q2. स्वाइन फ्लू के प्रमुख लक्षण क्या हैं?
उत्तर: तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना या बंद होना, सिरदर्द, शरीर में दर्द, थकान और सांस लेने में तकलीफ इसके सामान्य लक्षण हैं।
Q3. स्वाइन फ्लू का टेस्ट कब कराना चाहिए?
उत्तर: अगर बुखार 3 दिन से ज्यादा रहे, सांस लेने में परेशानी हो या मरीज बुजुर्ग, गर्भवती, बच्चा या किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हो, तो डॉक्टर की सलाह पर तुरंत H1N1 की जांच करानी चाहिए।
Q4. स्वाइन फ्लू से बचाव कैसे करें?
उत्तर: मास्क पहनें, हाथों को नियमित रूप से धोएं, खांसते-छींकते समय मुंह-नाक ढकें, भीड़भाड़ से बचें और फ्लू जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।




